{"vars":{"id": "141324:5161"}}

जींद-असंध-करनाल रूट पर सफर होगा आसान, रोडवेज की 12 बसें चलेंगी, देखें टाइमटेबल 

 

Haryana roadways : जींद से करनाल की तरफ जाने वाले रूट पर रोडवेज बसों की संख्या न के बराबर है जबकि प्राइवेट बसें खूब चलती हैं। स्कूली विद्यार्थियों व इस रूट के ग्रामीणों ने जब सीएम विंडो पर इसकी शिकायत डाली तो परिवहन विभाग ने संज्ञान लेते हुए इस रूट पर 12 रोडवेज बसें चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं आए। अब जींद से असंध के बीच दिन भर में 12 रोडवेज बसें चलेंगी। 

आइए आपको बताते हैं कि जींद से असंध रूट पर रोडवेज बसों का टाइमटेबल क्या रहेगा।  जींद से असंध की तरफ सुबह साढ़े 8 बजे पहली बस चलेगी। इसके आधे घंटे बाद 9 बजे, उसके बाद 10 बजे, साढ़े 10 बजे और 11 बजे असंध की तरफ बस जाएंगी। दोपहर को 12 बजे, 1 बजकर 30 मिनट, दो बजे, अढ़ाई बजे, साढ़े 3 बजे, चार और साढ़े 4 बजे भी बसें जाएंगी, ताकि यात्रियों विशेषकर छात्रों को बसों की सुविधा मिल सके। 

आपको बता दें कि जींद से असंध रूट पर 10 से ज्यादा गांव आते हैं और करनाल की तरफ रोजाना सैकड़ों की संख्या में यात्री जाते हैं। जींद से करनाल सीधे सुबह 6 बजे के बाद दिन में एकाध बस की सुविधा है, इससे यात्रियों को पहले जींद से असंध और असंध से बस बदलकर करनाल जाना पड़ता है।

जींद से असंध के बीच रोडवेज की बजाय प्राइवेट बसों की संख्या ज्यादा है।  ऐसे में अब 12 रोडवेज बसों के चक्कर शुरू होने के बाद यात्रियों को सुविधा मिलेगी। हैप्पी कार्ड वाले यात्री हों या रियायती पास वाले विद्यार्थी हों, सबको इसका फायदा होगा। 

प्राइवेट बसों में दुर्व्यवहार की शिकायतें आ रही थी 

दरअसल इस रूट पर प्राइवेट बस के कंडक्टरों द्वारा छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की कई शिकायतें आ चुकी थी। ऐसे में इस रूट के ग्रामीणों ने शिकायत भी की लेकिन कोई संज्ञान नहीं लिया गया। इसके बाद सीएम विंडो पर इसकी शिकायत की गई। सीएम विंडो की शिकायत पर परिवहन विभाग ने एक्शन लेते हुए इस रूट पर 12 बसें चलाने के निर्देश दिए। 

जींद डिपो के रोडवेज महाप्रबंधक सुनील पूनिया का कहना है कि असंध रूट पर 12 रोडवेज बसें चक्कर लाएंगी। चार चक्कर दोपहर से पहले और चार चक्कर दोपहर बाद हो जाएंगे, ताकि यात्रियों को सुविधा मिल सके।