हरियाणा में यहां विकसित होंगे 10 नए सेक्टर, 2067 एकड़ जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू
Jind new Sectors : हरियाणा में सड़कों के साथ-साथ सेक्टरों के विकसित करने पर भी सरकार का फोकस है। इसी कड़ी में जींद जिले के नरवाना शहर के बढ़ते दायरे और भविष्य की आबादी की जरूरतों को देखते हुए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने नरवाना के विस्तार की तैयारी तेज कर दी है।
शहर में 10 नए सेक्टर विकसित करने की योजना बनाई गई है। सेक्टरों के लिए करीब 2067 एकड़ भूमि खरीदने की प्रक्रिया शुरू की गई है। योजना पूरी होने पर शहर को नए आवासीय क्षेत्रों के साथ व्यावसायिक और संस्थागत सुविधाओं की सौगात मिलेगी।
सोमवार को एचएसवीपी के संपदा अधिकारी सत्यवान मान ने स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में किसानों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें प्रस्तावित सेक्टरों के लिए भूमि खरीद से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। संपदा अधिकारी सत्यवान मान ने बताया कि नरवाना में 10 नए सेक्टर विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।
इसके लिए करीब 2067 एकड़ भूमि की खरीद प्रक्रिया जारी है। नए सेक्टर विकसित होने से शहर का विस्तार योजनाबद्ध तरीके से किया जा सकेगा और भविष्य में बढ़ती आबादी की आवासीय जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
व्यापार और रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा
नए सेक्टरों में आवासीय क्षेत्र के अलावा व्यावसायिक और संस्थागत सुविधाओं के विकास की संभावनाएं भी बनेंगी। इससे शहर में कारोबार और अन्य आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है। निर्माण कार्यों और नए प्रतिष्ठानों के आने से रोजगार के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है। एचएसवीपी की यह योजना पूरी होने पर नरवाना के शहरी स्वरूप में बड़ा बदलाव आ सकता है।