सरकारी स्कूलों में सर्दियों का शेड्यूल तैयार, जानिए कब लगेगा पहला पीरियड और कब होगी छुट्टी
Haryana school time change : हरियाणा में सरकारी स्कूलों में अगले सप्ताह से समय बदल जाएगा। विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों का नया समय निर्धारित किया है।
नए आदेशों के अनुसार 15 नवंबर से जिले के सभी एकल शिफ्ट वाले सरकारी स्कूल सुबह नौ बजकर 30 मिनट से शुरू होंगे और दोपहर बाद तीन बजकर 30 मिनट तक संचालित किए जाएंगे। इस बदलाव से जिले के विद्यार्थियों को सर्दी के मौसम में सुबह जल्दी स्कूल पहुंचने की परेशानी से राहत मिलेगी।
निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के तहत डबल शिफ्ट में संचालित होने वाले स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है। इन स्कूलों की पहली शिफ्ट अब सुबह सात बजकर 55 मिनट से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक चलेगी। इससे पहले पहली शिफ्ट का समय सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजकर 30 मिनट तक निर्धारित था।
नए समय के अनुसार पहली शिफ्ट के विद्यार्थियों को अब स्कूल पहुंचने के लिए पहले की अपेक्षा 55 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। शहर में भिवानी रोड स्थित बाल आश्रम स्कूल और रेलवे जंक्शन क्षेत्र में स्थित विद्यालय डबल शिफ्ट में संचालित हो रहे हैं। इन स्कूलों में भी निदेशालय के नए आदेशों के अनुसार समय सारिणी लागू की जाएगी।
स्कूलों के समय में बदलाव का मुख्य उद्देश्य सर्दियों के दौरान सुबह पड़ने वाली ठंड और शाम को जल्दी अंधेरा होने के कारण विद्यार्थियों को होने वाली परेशानियों को कम करना है। बता दें कि जींद जिले में 723 राजकीय स्कूल संचालित हैं। इनमें 423 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं।
जिले के इन सरकारी स्कूलों में करीब एक लाख विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। ऐसे में सर्दियों के मौसम को देखते हुए स्कूलों के समय में किए गए बदलाव से विद्यार्थियों को फायदा होगा। जींद जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी देवी ने बताया कि विद्यालय शिक्षा निदेशालय के इस फैसले से विद्यार्थियों को सर्दियों के मौसम में सुबह जल्दी घर से निकलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
वहीं स्कूलों में पढ़ाई का निर्धारित समय बनाए रखते हुए मौसम के अनुकूल नई समय सारिणी लागू की जाएगी। 15 नवंबर से सभी संबंधित सरकारी स्कूलों में नए समय के अनुसार कक्षाएं संचालित होंगी।