{"vars":{"id": "141324:5161"}}

HTET में बड़ा बदलाव, परीक्षा के बाद घर ले जा सकेंगे OMR शीट की कॉपी, फीस बढ़ी

 

HTET 2026 Full Detail : हरियाणा में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET-2026) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार परीक्षा में अभ्यर्थियों को एक नई सुविधा भी मिलने जा रही है। परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद अभ्यर्थी अपनी OMR शीट की कार्बन कॉपी अपने साथ ले जा सकेंगे। इससे उन्हें आधिकारिक उत्तर कुंजी जारी होने से पहले ही अपने जवाबों का मिलान करने का मौका मिलेगा।

बोर्ड ने इस बार सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क में 200 रुपये की बढ़ोतरी भी की है। इच्छुक उम्मीदवार 27 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही परीक्षा की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।

26 और 27 दिसंबर को तीन शिफ्टों में होगी परीक्षा

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से HTET-2026 का आयोजन 26 और 27 दिसंबर को किया जाएगा। परीक्षा तीन स्तरों के लिए आयोजित होगी। इनमें लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 शामिल हैं। बोर्ड अध्यक्ष शंकर लाल धूपड़ और सचिव दीपक बाबूलाल करवा के अनुसार परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए OMR शीट की कार्बन कॉपी देने की व्यवस्था की गई है।

किस वर्ग के अभ्यर्थियों को कितनी फीस देनी होगी?
इस बार आवेदन शुल्क में 200 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए तीनों स्तरों की फीस अलग-अलग निर्धारित की गई है। HTET आवेदन के लिए सामान्य श्रेणी के अभ्यर्थियों को लेवल-1 के लिए 1200 रुपये, लेवल-2 के लिए 2000 रुपये और लेवल-3 के लिए 2600 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।

वहीं, हरियाणा के अनुसूचित जाति (SC) और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए लेवल-1 की फीस 700 रुपये, लेवल-2 की 1100 रुपये और लेवल-3 की 1400 रुपये निर्धारित की गई है। इससे पहले HTET-2025 में सामान्य श्रेणी के लिए लेवल-1 की फीस 1000 रुपये, लेवल-2 की 1800 रुपये और लेवल-3 की 2400 रुपये थी।

28 और 29 नवंबर को मिलेगा आवेदन में सुधार का मौका
ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को फॉर्म में गलतियां सुधारने के लिए भी दो दिन का समय दिया जाएगा। इसके लिए 28 और 29 नवंबर की तारीख निर्धारित की गई है। इस दौरान उम्मीदवार अपने नाम, पिता का नाम, माता का नाम, जन्मतिथि, फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान, पहचान प्रमाण, आधार नंबर और विषय के चयन में बदलाव कर सकेंगे।

लेवल-2 और लेवल-3 के विषय चयन में भी संशोधन किया जा सकेगा। हालांकि निर्धारित समय समाप्त होने के बाद सुधार का कोई अवसर नहीं मिलेगा। इसके अलावा कैटेगरी, जाति, लिंग, राज्य और दिव्यांग श्रेणी में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।

20 सवाल खाली छोड़ने पर भी लागू रहेगा नियम
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण नियम भी पहले की तरह लागू रखा है। यदि कोई अभ्यर्थी 20 प्रश्न खाली छोड़ता है तो उसे अयोग्य घोषित किया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन के साथ-साथ परीक्षा की तैयारी और नियमों का भी विशेष ध्यान रखना होगा।