{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा में IGNOU की परीक्षाएं शुरू, 1.69 लाख विद्यार्थी देंगे एग्जाम, जेलों में भी सेंटर

 

IGNOU Exam : हरियाणा में दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उच्च शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों के लिए आज से परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। प्रदेशभर में इस बार करीब 1 लाख 69 हजार विद्यार्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं में शामिल होंगे। खास बात यह है कि पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए जेलों में बंद बंदियों को भी परीक्षा में बैठने का अवसर दिया गया है। प्रदेश की 11 जेलों में 1492 बंदी और कैदी अपनी परीक्षाएं देंगे।

इग्नू की यह परीक्षा प्रक्रिया 14 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी। इसके लिए करनाल क्षेत्रीय केंद्र की ओर से हरियाणा के विभिन्न जिलों में 30 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें करनाल, हिसार, भिवानी, फतेहाबाद, कैथल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, सोनीपत, पानीपत और रोहतक सहित कई जिले शामिल हैं। करनाल में बुद्धा कॉलेज, विनायक पॉलिटेक्निक काछवा और जिला जेल को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।

सुबह और शाम की शिफ्ट में होंगे पेपर

विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं के लिए दो अलग-अलग समय निर्धारित किए हैं। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। देरी से पहुंचने पर प्रवेश संबंधी परेशानी हो सकती है।

हॉल टिकट के बिना नहीं मिलेगी एंट्री
इग्नू की ओर से दिसंबर सत्र की परीक्षाओं के लिए हॉल टिकट जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट [www.ignou.ac.in](http://www.ignou.ac.in) पर जाकर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

परीक्षा केंद्र पर हॉल टिकट के साथ विश्वविद्यालय का पहचान पत्र ले जाना भी अनिवार्य रहेगा। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा देने से पहले अपनी विषयवार डेटशीट और केंद्र की जानकारी जरूर जांच लें।

परीक्षा संचालन के लिए केंद्रों को दिए निर्देश
परीक्षाओं में पारदर्शिता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के नियंत्रकों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इग्नू करनाल क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक डॉ. धर्मपाल के अनुसार परीक्षा आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।