{"vars":{"id": "141324:5161"}}

साउथ कोरिया में पढ़ेगी छोटे से गांव की ये लड़की, किसान की बेटी को मिली कोरिया स्कॉलरशिप

 

बिहार की बेटी जानू कुमारी ने अपनी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता का परचम लहराया है। मिडिल क्लास फैमली से ताल्लुक रखने वाली जानू कुमारी ने अपने गांव के साथ पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। छोटे से गांव में रहने वाली जानू अब विदेश जाकर पढ़ाई करेगी। जानू का चयन दक्षिण कोरिया की प्रतिष्ठित 'ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप' (GKS 2026) के लिए हुआ है।

बिहार के छोटे से गांव की रहने वाली है जानू कुमारी
जानू कुमारी बिहार के बांका जिले के अमरपुर प्रखंड स्थित सलेमपुर गांव की रहने वाली है। जानू के पिता पिता चंडिका चौधरी किसान है। उन्होनें अपनी बेटी की पढ़ाई में कभी कोई कमी नहीं आने दी और अब जानू ने भी अपनी मेहनत से ये बड़ा मुकाम हासिल किया है।

जानू कुमारी को प्रतिष्ठित ग्लोबल कोरिया स्कॉलरशिप मिली है। इसके तहत उन्हें दक्षिण कोरिया में इंटरनेशनल रिलेशंस में मास्टर डिग्री के लिए ₹96 लाख की छात्रवृत्ति मिलेगी। इस स्कॉलरशिप के तहत वह दक्षिण कोरिया स्थित सन मून यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल रिलेशंस विषय में मास्टर डिग्री (MA) की पढ़ाई करेंगी।

96 लाख की मिली स्कॉलरशिप
जानकारी के अनुसार स्कॉलरशिप के माध्यम से जानू को दक्षिण कोरिया के प्रसिद्ध सन मून विश्वविद्यालय से 'इंटरनेशनल रिलेशंस' (अंतरराष्ट्रीय संबंध) विषय में दो साल की मास्टर डिग्री करने का मौका मिला है।

छात्रवृत्ति की अवधि 1 सितंबर 2026 से 31 अगस्त 2029 तक होगी। इस दौरान कोरियाई सरकार की ओर से जानू कुमारी के आने-जाने का हवाई किराया, पूरी ट्यूशन फीस, मासिक स्टाइपेंड और स्वास्थ्य बीमा जैसी सुविधाएं समेत कुल 96 लाख रुपये (सालाना खर्च) किए जाएंगे।

बता दें कि यह स्कॉलरशिप दक्षिण कोरिया के शिक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर इंटरनेशनल एजुकेशन (NIIED) द्वारा प्रदान की जाती है। प्रत्येक वर्ष कोरियाई शिक्षा विभाग की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं। पूरे भारत से सीमित संख्या में विद्यार्थियों का चयन किया जाता है।