{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के इस जिले में 35 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर लटका ताला, देखें लिस्ट 

 

Haryana unrecognised schools List : हरियाणा  में गैर मान्यता प्राप्त व विभाग के नियमों पर खरा नहीं उतरने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्यालय ने 4 नवंबर तक सभी जिलों से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी थी।

इसी कड़ी में जींद जिले में करीब 35 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई कर के शिक्षा विभाग ने इसकी रिपोर्ट मुख्यालय के पास भेजी है। इन 35 स्कूलों में 14 स्कूल नरवाना ब्लाक, पिल्लूखेड़ा ब्लाक में सात, अलेवा ब्लाक में 13, सफीदों ब्लाक में एक गैर मान्यता प्राप्त स्कूल है। वहीं स्थानीय अधिकारियों के अनुसार जींद व जुलाना ब्लाक में कोई गैर मान्यता प्राप्त स्कूल नहीं है।

अक्टूबर माह के अंत में विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारी व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर अपने अधिकार क्षेत्र में अवैध रूप से चल रहे समस्त गैर-मान्यता प्राप्त प्राइवेट स्कूलों के विरुद्ध तुरंत कड़ा प्रशासनिक संज्ञान लें। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर निर्देश दिए थे कि अपने-अपने क्षेत्र में चलने वाले गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची तैयार करें और उनकी स्थिति के बारे में स्पष्ट करें।

खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा जो सूची सौंपी गई है, उसमें से जींद व जुलाना ब्लाक में कोई भी गैर मान्यता प्राप्त स्कूल नहीं चल रहा है। इसके अलावा नरवाना ब्लाक में 14, पिल्लूखेड़ा ब्लाक में सात, अलेवा ब्लाक में 13 व सफीदों ब्लाक में एक गैर मान्यता प्राप्त स्कूल था, जिसे बंद करवा दिया गया है।

बता दें कि सत्र की शुरुआत में भी शिक्षा विभाग की ओर से गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची मांगी गई थी। पिछले दिनों स्थानीय अधिकारियों ने दो गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों को बंद भी करवाया था, जिसमें से जींद ब्लाक में एक और अलेवा ब्लाक में एक स्कूल शामिल था। गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों में किड्स प्ले स्कूलों की संख्या ज्यादा रहती है।

हालांकि किड्स प्ले वाले स्कूलों को मान्यता महिला व बाल विकास विभाग की ओर से दी जाती है। एक साल की मान्यता के लिए किड्स प्ले स्कूल संचालकों को महिला व बाल विकास विभाग के पास आवेदन करना होता है। आवेदन करने के बाद महिला व बाल विकास विभाग की टीम की ओर से किड्स प्ले स्कूलों की जांच की जाती है।

इस जांच टीम में शिक्षा विभाग की ओर से एक कर्मचारी को शामिल किया जाता है। वहीं जींद जिले में काफी ऐसे किड्स प्ले स्कूल हैं, जो बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे हैं, जबकि जींद व जुलाना ब्लाक में गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची शून्य दिखाई गई है।

किड्स प्ले स्कूलों के लिए अनिवार्य नियम

  • 1. स्कूल पूरी तरह से स्वच्छ होने चाहिए।
  • 2. स्कूलों में बच्चों के खेलने के लिए प्ले ग्राउंड होना चाहिए।
  • 3. स्कूल में सीसीटीवी कैमरे जरूर लगे होने चाहिए।
  • 4. छात्र और छात्राओं के लिए अलग से शौचालयों की व्यवस्था होनी चाहिए।
  • 5. 20 बच्चों पर एक अध्यापक व एक केयर टेकर की व्यवस्था होनी चाहिए।
  • 6. फायर सेफ्टी की व्यवस्था होनी चाहिए।
  • 7. प्राथमिक उपचार की व्यवस्था होनी चाहिए।
  • 8. स्कूलों में बच्चों को छोड़ने और ले जाने का पूरा रिकार्ड व बच्चों का पूरा रिकार्ड दुरुस्त होना चाहिए।

जिलेभर के गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों की सूची विद्यालय शिक्षा निदेशालय द्वारा मांगी गई थी। खंड शिक्षा अधिकारियों ने जो रिपोर्ट सौंपी थी, उसमें सभी गैर मान्यता प्राप्त स्कूल बंद करवा दिए गए थे। यह रिपोर्ट निदेशालय के पास भेज दी गई है।
--महेंद्र सिंह, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी