{"vars":{"id": "141324:5161"}}

Jio New Plan : नए साल पर जियो के 15 से 3,999 तक के नए प्लान लांच, जानें किसमें क्या मिलेगा

 

Jio Happy New Year 2.0 : नए साल से पहले रिलायंस जियो ने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा देते हुए Happy New Year 2.0 ऑफर पेश किया है। कंपनी ने ऐसे नए रिचार्ज प्लान लॉन्च किए हैं, जिनमें ग्राहकों को 4G और 5G नेटवर्क पर अनलिमिटेड डेटा इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी। नए ऑफर में सबसे ज्यादा चर्चा 399 रुपये वाले प्लान की है। इसमें 28 दिनों की वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड इंटरनेट, अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और प्रतिदिन 100 SMS दिए जाएंगे।

जियो ने उन ग्राहकों का भी ध्यान रखा है, जो बार-बार रिचार्ज कराने के बजाय लंबी वैलिडिटी वाला प्लान चाहते हैं। इसके लिए कंपनी 3,999 रुपये का सालाना पैक लेकर आई है। इस रिचार्ज की वैधता 365 दिन होगी और इसमें पूरे साल अनलिमिटेड 4G-5G डेटा के साथ फ्री कॉलिंग और रोजाना 100 SMS का लाभ मिलेगा।

399 रुपये के प्लान में मिलेंगे डिजिटल बेनिफिट्स

जियो के नए फ्लैगशिप प्लान में इंटरनेट और कॉलिंग के अलावा कई डिजिटल सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। ग्राहकों को 12 महीने का Canva Pro सब्सक्रिप्शन मिलेगा, जिसकी बताई गई कीमत 4,000 रुपये है। इसके अलावा JioHotstar Mobile + Hollywood, JioTV के माध्यम से FanCode, JioGames मोबाइल सब्सक्रिप्शन और JioAICloud पर 50GB क्लाउड स्टोरेज की सुविधा भी मिलेगी। कंपनी ने इस पैक में Justdial Lite, हाइपरलोकल कूपन और डिजिटल डायरी जैसे अतिरिक्त फायदे भी शामिल किए हैं।

3,999 रुपये के रिचार्ज में सालभर की सुविधा

सालाना प्लान उन ग्राहकों के लिए पेश किया गया है, जो एक बार रिचार्ज कर लंबे समय तक मोबाइल सेवाओं का लाभ लेना चाहते हैं। इसमें 365 दिनों तक अनलिमिटेड डेटा और वॉयस कॉलिंग के साथ प्रतिदिन 100 SMS मिलेंगे। डिजिटल सुविधाओं में 12 महीने का Canva Pro Lite, JioHotstar, FanCode और JioAICloud पर 50GB स्टोरेज शामिल है।

15 और 25 रुपये में मिलेगा अतिरिक्त 5G डेटा

जिन ग्राहकों के पास पहले से जियो का दूसरा रिचार्ज प्लान है, उनके लिए भी कंपनी ने छोटे डेटा ऐड-ऑन पेश किए हैं। 15 रुपये के पैक में एक दिन और 25 रुपये के पैक में दो दिनों तक अनलिमिटेड 5G डेटा का लाभ मिलेगा। इन पैक का इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त इंटरनेट सुविधा के लिए किया जा सकेगा।

50 रुपये में रातभर अनलिमिटेड इंटरनेट

रात में इंटरनेट का ज्यादा इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए 50 रुपये का नाइट डेटा पैक भी पेश किया गया है। इसमें 28 दिनों तक हर रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक अनलिमिटेड 4G-5G डेटा मिलेगा। खास बात यह है कि इस दौरान इस्तेमाल होने वाला डेटा मुख्य प्लान के डेटा बैलेंस से नहीं कटेगा।

कहां से कर सकेंगे रिचार्ज?

कंपनी के अनुसार 399 और 3,999 रुपये वाले नए प्लान 24 नवंबर से MyJio ऐप, जियो की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत रिटेल स्टोर पर उपलब्ध हैं। 25 रुपये वाला 5G ऐड-ऑन भी 24 नवंबर से शुरू हो चुका है, जबकि 15 रुपये का पैक पहले से उपलब्ध है। वहीं 50 रुपये वाला नाइट डेटा पैक 26 नवंबर से रिचार्ज के लिए उपलब्ध होगा।