हर महीने महिलाओं के खाते में आएंगे 1500 रुपये, जानें कैसे मिलता है लाडकी बहिण योजना का लाभ
Ladki Bahin Yojana : महिलाओं की आर्थिक मदद करने के उद्देश्य ये देश के कई राज्यों में सरकार द्वारा योजनाएं चलाई जा रही हैं। किसी योजना के तहत हर माह 1500 रुपए तो किसी योजना के तहत 2 हजार और इससे ज्यादा रुपए खातों में डाले जा रहे हैं, ताकि महिलाओं को रसोई खर्च चलाने में मदद मिले।
हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना चलाई जा रही है तो महाराष्ट्र सरकार की मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण योजना महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है। इस तरह लाभार्थी महिला को एक साल में कुल 18,000 रुपये मिलते हैं। सरकार की ओर से यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।
किन महिलाओं को मिल सकता है योजना का लाभ?
लाडकी बहिण योजना का लाभ लेने के लिए महिला का महाराष्ट्र का निवासी होना जरूरी है। योजना के लिए निर्धारित आयु सीमा 21 से 65 वर्ष रखी गई है। इसके अलावा परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
योजना के नियमों के अनुसार विवाहित, विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता और निराश्रित महिलाएं पात्रता की शर्तें पूरी करने पर इसका लाभ ले सकती हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति और अन्य निर्धारित शर्तों के आधार पर पात्रता तय की जाती है।
आवेदन के लिए किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?
योजना में आवेदन करने के लिए कुछ जरूरी दस्तावेज उपलब्ध होने चाहिए। इनमें आधार कार्ड, महाराष्ट्र का निवास प्रमाण, बैंक खाते की जानकारी, आय प्रमाण पत्र या निर्धारित आय संबंधी दस्तावेज और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं।
आधार कार्ड बैंक खाते से जुड़ा होना भी जरूरी है, ताकि सरकारी सहायता की राशि सीधे खाते में पहुंच सके। आवेदन के दौरान मांगे जाने वाले दस्तावेजों की जानकारी आधिकारिक पोर्टल से जरूर जांच लें।
कहां और कैसे कर सकते हैं आवेदन?
इस योजना के लिए आवेदन की सुविधा सरकार के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई गई थी। इसके अलावा पात्र महिलाएं निर्धारित सरकारी सहायता केंद्रों और अधिकृत सेवा केंद्रों पर जाकर भी आवेदन संबंधी मदद ले सकती हैं। आवेदन करते समय सभी जानकारियां सही भरना जरूरी है। दस्तावेजों में नाम, आधार कार्ड और बैंक खाते की जानकारी में अंतर होने पर आवेदन में परेशानी आ सकती है।
हर महीने खाते में आएंगे 1500 रुपये
योजना के तहत पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। इस हिसाब से सालभर में कुल 18,000 रुपये की सहायता मिलती है। यह पैसा सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर किया जाता है।