हरियाणा में विजिलेंस रेड : FIR से बचाने के मांगे 2 लाख, 30 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा पुलिस SHO
ACB Raid : हरियाणा में विजिलेंस ने रेड करते हुए थाने के अंदर ही 30 हजार रुपए रिश्वत लेते पुलिस एसएचओ नरपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। एफआईआर से बचाने की एवज में एसएचओ ने 2 लाख रुपए मांगे थे और 30 हजार की पहली किस्त में ही उसे दबोच लिया गया। विजिलेंस टीम मामले की जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
मामला गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाना का है। यहां दो कारोबारियों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चला हुआ था। पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर निवासी अनंता भूमिक ने ACB को दी शिकायत में बताया कि वह फिलहाल गुरुग्राम की ईएमएएआर प्लम हिल्स सोसाइटी में किराये पर रहता है और भूपेंद्र की ग्रोसरी व फ्रूट की दुकान पर काम करता है।
भूपेंद्र खांडसा रोड स्थित दुकान नंबर 19 पर अरसद से फल खरीदते थे। दोनों के बीच इस कारोबार में 40 लाख रुपये से अधिक की देनदारी को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के सिलसिले में अनंता को भी शिवाजी नगर थाने बुलाया गया था। भूपेंद्र की ओर से उसके खिलाफ भी शिकायत दी गई थी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी मामले में कार्रवाई नहीं करने और शिकायत का निपटारा करने के बदले एडिशनल एसएचओ नरपाल सिंह ने उससे 2 लाख रुपये मांगे। बाद में बातचीत के दौरान रिश्वत की रकम 60 हजार रुपये तय हो गई।
ACB ने शिकायत के बाद बिछाया जाल
अनंता भूमिक ने रिश्वत की मांग को लेकर ACB से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की गुरुग्राम टीम ने पूरी योजना के तहत ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान जैसे ही सब इंस्पेक्टर नरपाल सिंह ने 30 हजार रुपये की पहली किस्त ली, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
ACB गुरुग्राम यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के अनुसार, ट्रैप की कार्रवाई के समय राजपत्रित अधिकारी के रूप में DHBVNL के एसडीओ धर्मेंद्र कुमार मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की गई। गुरुग्राम में खाकी वर्दी पर एक बार फिर रिश्वतखोरी के आरोपों ने सवाल खड़े कर दिए हैं।