{"vars":{"id": "141324:5161"}}

भैया दूज पर रोडवेज का खास प्लान, हिसार, चंडीगढ़, दिल्ली रूट पर बढ़ेंगे बसों के फेरे

 

Bhaiya Dooj : भैया दूज पर्व पर बहनों को भाइयों के घर आने-जाने में बसों की कमी के कारण परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज ने विशेष इंतजाम किए हैं। जिन भी रूटों पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होगी, उसी रूट पर बस भेज दी जाएगी। इसके लिए स्पेशल बसों का इंतजाम किया गया है।  हिसार, चंडीगढ़, दिल्ली समेत लंबे रूटों पर भी अतिरिक्त बसें चलाने का फैसला लिया गया है। 

बता दें कि भैया दूज पर्व पर भी बहनें भाइयों के घर जाने के लिए बड़ी संख्या में सफर करती हैं। इसके चलते दूसरे त्योहारों की तरह इस दिन भी बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। खासकर लंबे रूटों पर बसों में भीड़ अधिक रहने की संभावना रहती है। इसे देखते हुए रोडवेज ने उन रूटों पर अतिरिक्त बसों का प्रबंध किया है, जहां सामान्य दिनों में बसों के फेरे कम रहते हैं। ये स्पेशल बसें बुधवार को पूरे दिन संचालित की जाएंगी।

जींद से दिल्ली, रोहतक, गुरुग्राम, कैथल, हिसार, पानीपत रूट पर बसों के अतिरिक्त फेरे बढ़ाए जाएंगे तो वहीं कैथल से हिसार-चंडीगढ़, कुरुक्षेत्र और दिल्ली रूट पर 10 अतिरिक्त बसें चलाने का प्रबंध किया है। इनमें दिल्ली और कुरुक्षेत्र रूट पर 7 और हिसार-चंडीगढ़ रूट पर 3 बसें शामिल हैं। बुधवार को त्योहार के दिन यात्रियों की संख्या के अनुसार इन रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। रोडवेज प्रबंधन ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी चलाने की तैयारी रखी है।

रोडवेज टीम कैथल विपुल नांदल का कहना है कि भैया दूज पर्व को लेकर रोडवेज की ओर से बस संचालन के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। 10 स्पेशल बसें कुरुक्षेत्र, दिल्ली और हिसार-चंडीगढ़ रूट पर शुरू की गई हैं। यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, ताकि यात्रियों का सफर सुगम हो सके।