{"vars":{"id": "141324:5161"}}

Crime- ATM कार्ड बदल ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 10,500 रुपए हुए बरामद !

 

वॉयस ऑफ पानीपत (सोनम गुप्ता ) - सीआईए-टू पुलिस ने मतलौडा में एटीएम में पैसे निकालने आए बुजुर्ग से मदद के बहाने डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने वाले आरोपी को एनएफएल नाका के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान हांसी के गांव समैण पुट्ठी निवासी सन्नी के रूप में हुई है।

सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम को वीरवार शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध युवक एनएफएल नाका के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर युवक को काबू किया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान सन्नी पुत्र धर्मबीर निवासी समैण पुट्ठी, रोहतक के रूप में बताई गई है ।

गहन पूछताछ में आरोपी ने 6 जून को मतलौडा में एसबीआई के एटीएम में पैसे निकालने आए एक बुर्जुग का मदद के बहाने डेबिट कार्ड बदलकर ठगी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। आरोपी ने कार्ड बदलने के बाद पीड़ित के खाते से 54,500 रुपए निकाले थे। ये वारदात बारे थाना मतलौडा में मतलौडा निवासी केशव दत्त पुत्र रामेश्वर की शिकायत पर दर्ज हुई है।

प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसने डेबिट कार्ड बदलकर खाते से निकाली गई राशि में से ज्यादातर रुपए खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचे 10,500 रुपए बरामद कर शुक्रवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी के खिलाफ सोनीपत के गोहाना थाना में इसी प्रकार की धोखाधड़ी का एक मामला दर्ज है। आरोपी करीब 2 साल पहले जेल से बेल पर बाहर आया था।

TEAM VOICE OF PANIPAT