{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा के सेमग्रस्त 11 गांवों में 100 करोड़ से बनेंगे नए जलघर, बदलेंगी पाइप लाइनें

 

Haryana news : हरियाणा में सेम प्रभावित इलाकों में पेयजल की समस्या का समाधान अब होने जा रहा है। सरकार द्वारा करीब 100 करोड़ रुपए की परियोजना तैयार की है, जिसके तहत नए जलघरों का निर्माण और पाइप लाइन बदलने का प्लान है। 
प्रथम चरण में भिवानी के 11 गांवों को लिया गया है। इसके लिए जन स्वास्थ्य विभाग करीब 100 करोड़ रुपये खर्च करके गांवों की पेयजल व्यवस्था को नए सिरे से तैयार करेगा। योजना के तहत पुराने ईंटों से बने जलघरों को हटाकर उनकी जगह मजबूत आरसीसी (कंक्रीट) के नए जलघर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही गांवों की गलियों में पुरानी पेयजल पाइपलाइन बदलकर नई लाइनें भी बिछाई जाएंगी।

बता दें कि भिवानी जिले के कई गांवों में जमीन के अंदर सेम की समस्या है। इन क्षेत्रों में जमीन का पानी खारा और कई जगह पीने योग्य नहीं है। ऐसे में ग्रामीणों को पेयजल के लिए जलघरों पर निर्भर रहना पड़ता है। लेकिन वर्षों पहले बनाए गए ईंटों के जलघरों की हालत अब खराब हो चुकी है। कई जगह इनकी दीवारें भी कमजोर हो गई हैं। इसे देखते हुए विभाग ने पुरानी व्यवस्था को बदलकर नए जलघर बनाने की योजना तैयार की है।

इन 11 गांवों में बनेंगे नए जलघर

इस परियोजना के तहत तिगड़ाना, मुंढाल खुर्द, सूई, प्रेमनगर, धनाना तृतीय, तालू, सैय, घुसकानी, मिताथल, चांग और कलिंगा सहित 11 गांवों में पेयजल व्यवस्था को सुधारा जाएगा। इन गांवों में पुराने जलघरों को हटाकर नए आरसीसी टैंक बनाए जाएंगे। नए जलघर बनने से पानी को सुरक्षित रखने और उसकी आपूर्ति करने की व्यवस्था पहले से बेहतर होगी।

परियोजना के तहत पहले छह गांवों के लिए ही 66 करोड़ रुपये की राशि का विवरण सामने आया है। इसमें तिगड़ाना में 11 करोड़, मुंढाल खुर्द में 14 करोड़, सूई में 7 करोड़, प्रेमनगर में 5 करोड़, धनाना तृतीय में 9 करोड़ और तालू में 20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बाकी गांवों के लिए प्रस्तावित राशि का अलग विवरण अभी उपलब्ध नहीं है। पूरी परियोजना की लागत करीब 100 करोड़ रुपये बताई गई है।

गांवों की गलियों में भी बदली जाएंगी पुरानी पाइपलाइन

इस योजना में केवल जलघर बनाने तक ही काम सीमित नहीं रहेगा। गांवों में पानी पहुंचाने वाली पुरानी पाइपलाइनों को भी बदला जाएगा। जिन गलियों में पाइपलाइन काफी पुरानी हो चुकी हैं या उनमें लीकेज की समस्या रहती है, वहां नई लोहे की पाइपलाइन बिछाई जाएगी।

इससे पानी की बर्बादी कम होगी और पेयजल आपूर्ति के दौरान दूषित पानी मिलने की समस्या को भी रोकने में मदद मिलेगी। जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता महेंद्र सिंह के अनुसार, जलघर और पेयजल वितरण लाइनें दोनों को बेहतर बनाने की योजना है।