हरियाणा में फैमिली ID में नया अपडेट, 12 सेवाओं की जानकारी अब मोबाइल पर
Haryana Family ID update : परिवार पहचान पत्र (PPP) में किसी तरह का बदलाव करवाने के बाद उसकी स्थिति जानने के लिए अब लोगों को सरकारी कार्यालयों में बार-बार जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण ने नागरिकों को राहत देते हुए SMS अलर्ट व्यवस्था का दायरा बढ़ा दिया है।
इसके तहत पांच नई प्रक्रियाओं को शामिल किया गया है। अब इन प्रक्रियाओं के लिए आवेदन करने वाले व्यक्ति को आवेदन प्राप्त होने से लेकर उसके स्वीकृत या अस्वीकृत होने तक की जानकारी सीधे मोबाइल पर मिलेगी।
इस नई व्यवस्था के बाद परिवार पहचान पत्र से संबंधित कुल 12 प्रक्रियाओं के अपडेट SMS के माध्यम से मिलने लगेंगे। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने नई सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य नागरिकों को समय पर सूचना उपलब्ध करवाना और सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाना है।
इन पांच बदलावों पर मिलेगा मोबाइल अलर्ट
प्राधिकरण ने जिन नई प्रक्रियाओं को SMS व्यवस्था से जोड़ा है, उनमें परिवार पहचान पत्र में जन्मतिथि का संशोधन और उसका सत्यापन शामिल है। यदि किसी सदस्य की जन्मतिथि गलत दर्ज है और उसे ठीक करवाने के लिए आवेदन किया जाता है तो उसकी स्थिति का संदेश मोबाइल पर भेजा जाएगा।
इसी प्रकार हरियाणा के भीतर एक जिले या स्थान से दूसरे स्थान पर जाने वाले परिवारों के माइग्रेशन अनुरोध की जानकारी भी SMS से मिलेगी। यदि कोई परिवार हरियाणा छोड़कर दूसरे राज्य में चला जाता है और PPP में पता बदलने या माइग्रेशन का अनुरोध करता है, तो उस प्रक्रिया का अपडेट भी मोबाइल पर उपलब्ध होगा।
एक अन्य महत्वपूर्ण सुविधा उन लोगों के लिए है, जिन्हें गलती से परिवार पहचान पत्र में मृत दर्ज कर दिया गया है। ऐसे व्यक्ति को दोबारा जीवित दर्ज करवाने के लिए किए गए अनुरोध की जानकारी भी अब SMS के माध्यम से दी जाएगी।
इसके अलावा परिवार पहचान पत्र में किसी सदस्य के नाम की स्पेलिंग या अन्य त्रुटि ठीक करवाने अथवा नाम में बदलाव के आवेदन पर भी मोबाइल संदेश आएगा। इन सभी मामलों में आवेदन मिलने, मंजूरी मिलने या आवेदन खारिज होने की सूचना दी जाएगी।
अब तक 7 अन्य प्रक्रियाओं की भी मिल रही जानकारी
परिवार पहचान प्राधिकरण की ओर से पहले से ही PPP की कई सेवाओं को SMS अलर्ट व्यवस्था में शामिल किया गया था। इनमें एनरोलमेंट आईडी तैयार होने, परिवार पहचान पत्र बनने और परिवार में नए सदस्य के जुड़ने जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं। नई पांच सुविधाएं जुड़ने के बाद कुल 12 प्रक्रियाओं के अपडेट मोबाइल पर मिलने लगेंगे।
मोबाइल नंबर गलत हुआ तो नहीं मिलेगा अलर्ट
डॉ. सतीश खोला ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी फैमिली आईडी में दर्ज मोबाइल नंबर की जांच कर उसे अपडेट रखें। मोबाइल नंबर गलत या पुराना होने की स्थिति में विभाग की ओर से भेजे जाने वाले जरूरी संदेश संबंधित व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाएंगे।
उन्होंने बताया कि आने वाले समय में 12 अन्य प्रक्रियाओं को भी SMS अलर्ट व्यवस्था से जोड़ने की योजना है। इससे परिवार पहचान पत्र से संबंधित सेवाओं की जानकारी प्राप्त करना आसान होगा और लोगों को अपने आवेदन की स्थिति जानने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।