{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा में 12000 करोड़ के निवेश से विकाश पकड़ेगा नई रफ़्तार, युवाओं को मिलेंगें रोजगार के नए अवसर 

Haryana News : डिफेंस टेक्सटाइल, टेक्निकल टेक्सटाइल, औद्योगिक मशीनरी, सौर ऊर्जा, कॉस्मेटिक निर्माण और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश को लेकर हरियाणा सरकार व निवेशकों के बीच सहमति बन गई है। 
 

Haryana news : आने वाले दिनों में हरियाणा में बड़ा पूंजी निवेश होने जा रहा है। इसके लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2 दिन तक गुजरात के बड़े निवेशकों के साथ मंत्रणा की है।

इस दौरान हरियाणा में 12 हजार करोड़ रुपये का निवेश आने का रास्ता साफ हो गया है। इससे प्रदेश में लाखों युवाओं को राेजगार भी मिलेगा। 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के गुजरात दौरे के दौरान पहले ही दिन 12 हजार करोड़ रुपये के निवेश को लेकर अंतिम रूप दिया गया है।

इसको लेकर गुजरात के सूरत में विभिन्न कंपनियों के साथ समझौता ज्ञापन हुए। इसमें डिफेंस टेक्सटाइल, टेक्निकल टेक्सटाइल, औद्योगिक मशीनरी, सौर ऊर्जा, कॉस्मेटिक निर्माण और वेस्ट-टू-एनर्जी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में निवेश को लेकर हरियाणा सरकार व निवेशकों के बीच सहमति बन गई है। 

सरकारी सूत्रों के अनुसार इस दौरान हुए समझौता ज्ञापन यानी एमओयू में डिफेंस टेक्सटाइल क्षेत्र में 5,000 करोड़ रुपये, वेस्ट-टू-एनर्जी में 4,000 करोड़ रुपये, टेक्निकल टेक्सटाइल में 2,000 करोड़ रुपये और औद्योगिक मशीनरी क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौते हुए हैं।

वहीं सौर ऊर्जा और कॉस्मेटिक निर्माण के क्षेत्र भी 400 करोड़ रुपये के निवेश को लेकर सहमति बनी है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने गुजरात दौरे के दौरान अलग-अलग कंपनियों के बड़े अधिकारियों के साथ एक-एक कर बैठकें की।

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि किस प्रकार हरियाणा में मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के विस्तार के साथ नई यूनिट स्थापित करने को लेकर भी भारी संभावनाएं हैं।