Hospital timings changed : हरियाणा में सरकारी अस्पतालों का समय बदला, अस्पताल पहुंचने से पहले जरूर देखें समय
हरियाणा में सरकारी अस्पताल, ग्रामीण क्षेत्रों में बने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के समय में बदलाव हो गया है। हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने नई समयसारणी जारी कर दी है। यह सर्दियों के मौसम को देखते हुए लागू की गई है। अब गर्मियों के मौसम तक यह नई समयसारणी ही लागू रहेगी। स्वास्थ्य निदेशालय की तरफ से जारी आदेश के अनुसार अब प्रदेश के सभी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित की जाएंगी। इसके चलते अब ओपीडी पर्ची का समय भी बदल गया है। पहले साढ़े सात बजे से ओपीडी पर्ची बननी शुरू होती थी, लेकिन अब साढ़े 8 बजे ही ओपीडी पर्ची बननी शुरू होगी।
पलवल के सिविल सर्जन पलवल डा. सतिंदर वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए अपील की है कि नागरिक अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए निर्धारित समय-सारणी के अनुसार ही पहुंचें, ताकि उन्हें समय पर उपचार एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
मरीज अस्पताल आने से पहले समय-सारणी का रखें ध्यान
सिविल सर्जन डा. सतिंदर वशिष्ठ ने कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को अस्पताल आने से पहले निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य विभाग का मुख्य उद्देश्य आमजन को सुचारू, समयबद्ध एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
सिविल सर्जन ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि वे नई समय-सारणी के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन सुनिश्चित करें। साथ ही, अस्पतालों में आने वाले मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने आमजन से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने तथा अस्पतालों में निर्धारित समय के अनुसार पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है।