हरियाणा के सभी जिलों में बनेंगे हेलीपैड, DC को जगह तलाशने के निर्देश
Helipads in all districts : हरियाणा में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने नई तैयारी शुरू कर दी है। अब प्रदेश के हर जिले में सरकारी जमीन पर हेलीपैड बनाए जाएंगे। इसके लिए उड़ान विभाग ने सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) को पत्र लिखकर उपयुक्त जगह तलाशने के निर्देश दिए हैं।
विभाग का कहना है कि हेलीपैड ऐसी जगह बनाए जाएंगे, जहां आसपास आबादी का शोर जैसी दिक्कत न हो और हेलीकॉप्टर आसानी से लैंड कर सकें। उड़ान विभाग के अनुसार, हेलीपैड बनाने के लिए ऐसी सरकारी जमीन की तलाश की जाएगी, जहां हाईटेंशन बिजली की लाइनें और बिजली के टावर न हों। साथ ही ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां वीआईपी और वीवीआईपी हेलीकॉप्टर आसानी से उतर सकें।
विभाग ने सभी जिलों के DC को पत्र लिखकर उपयुक्त स्थान तलाशने को कहा है। अभी तक कई जगहों पर वीआईपी और वीवीआईपी हेलीकॉप्टर उतारने के लिए पुलिस लाइन या किसी संस्थान के खेल मैदान का इस्तेमाल किया जाता है। इससे सुरक्षा व्यवस्था में दिक्कत आती है। ऐसे में हेलीपैड बनने से पहले ही उपयुक्त जगह निर्धारित की जाएगी।
हेलिटैक्सी के लिए दूसरी जगह तलाशी जाएगी जमीन
हेलीटैक्सी सेवा शुरू करने की दिशा में भी विभाग प्रयास कर रहा है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में पहले जो जगह देखी गई थी, वहां हेलीटैक्सी शुरू करने में दिक्कत हो सकती है। इसलिए विभाग दोनों जिलों के DC को पत्र लिखकर दूसरी जगह तलाशने के लिए कहेगा। खबर के अनुसार, श्री सालासर बालाजी और खाटूश्याम के अलावा अन्य धार्मिक स्थानों के लिए भी हवाई यात्रा शुरू करने की योजना है।
करनाल में नया हवाई अड्डा बनाने की मांग
करनाल में नया हवाई अड्डा बनाने की मांग भी उठाई गई है। विभाग ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर करनाल में नया हवाई अड्डा बनाने की मांग की है। इसकी व्यवहार्यता जांचने के लिए केंद्र सरकार की ओर से सर्वे करवाया जाएगा। इसमें देखा जाएगा कि प्रस्तावित हवाई अड्डा नई दिल्ली और जेवर एयरपोर्ट से कितनी दूरी पर है। यहां हवाई यात्री कार्गो सेवा की कितनी संभावना है और कितने यात्रियों को इसका लाभ मिल सकता है।
हिसार में अभी चल रही हवाई सेवा
प्रदेश में फिलहाल हिसार में हवाई सेवा जारी है। यहां से हवाई सेवा शुरू होने के बाद दूसरे शहरों को जोड़ने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। खबर के मुताबिक, कुछ शहर पहले ही हिसार से जुड़ चुके हैं और नए शहरों को जोड़ने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।