{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा को मिलेंगी नई सड़कें, कहीं रिंग रोड तो कहीं 8 लेन हाईवे; 14 हजार 833 करोड़ खर्च

 

Haryana new Roads and Highway : हरियाणा में आने वाले कुछ ही समय में रोड नेटवर्क की तस्वीर बदलने वाली है। प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से करीब 20 बड़ी सड़क परियोजनाओं पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं पर कुल 14,833 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

खास बात यह है कि इनमें से ज्यादातर परियोजनाएं निर्माण के अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और 70 से 90 प्रतिशत तक काम पूरा हो चुका है। इन हाईवे परियोजनाओं के तैयार होने से न केवल प्रदेश के भीतर सफर सुगम होगा, बल्कि दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच भी आवागमन के नए रास्ते खुलेंगे। कई महत्वपूर्ण मार्गों पर यातायात का दबाव कम होने के साथ लोगों को कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा।

विभिन्न परियोजनाओं को मार्च से जून 2027 के बीच पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हरियाणा में चल रहे राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्य को गति देने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी अगले सप्ताह अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसमें परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति, निर्माण में आ रही बाधाओं और काम पूरा करने की समय-सीमा पर चर्चा होने की संभावना है।

हरियाणा को क्या-क्या मिलेगा 
फरीदाबाद-पलवल-ग्रेटर नोएडा कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट के तहत 32 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है। इसमें हरियाणा की सीमा में करीब 22.30 किलोमीटर सड़क का निर्माण होना है। इस परियोजना का लगभग 74 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इसे अप्रैल 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य है।

गुरुग्राम से रेवाड़ी तक हाईवे होगा चौड़ा
दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे (NH-352W) को विकसित किया जा रहा है। इस मार्ग को चार से आठ लेन में बदला जा रहा है। करीब 1,867 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना का 76 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है।

करनाल को जाम से निजात दिलाएगा रिंग रोड
करनाल शहर में वाहनों के दबाव को कम करने के लिए करीब 35 किलोमीटर लंबा रिंग रोड बनाया जा रहा है। इस परियोजना की लागत 1,691 करोड़ रुपये है और इसका लगभग 97 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है।

इस प्रोजेक्ट की समय-सीमा पहले भी तीन बार बदली जा चुकी है। शुरुआत में इसे अगस्त 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। अब मार्च 2027 तक इस पर यातायात शुरू होने की उम्मीद है। रिंग रोड बनने से शहर के अंदर से गुजरने वाले बाहरी वाहनों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा और मुख्य सड़कों पर जाम की समस्या कम हो सकेगी।

शामली-अंबाला हाईवे का 82 प्रतिशत काम पूरा
हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने वाली शामली-अंबाला हाईवे परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है। इसके दूसरे और तीसरे चरण का करीब 82 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 1,554.21 करोड़ रुपये है। हाईवे तैयार होने के बाद दोनों राज्यों के बीच आने-जाने वाले वाहन चालकों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। 

भिवानी-हांसी और जगाधरी-ताजेवाला मार्ग पर भी काम जारी
प्रदेश में अन्य महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। इनमें भिवानी-हांसी फोरलेन हाईवे और जगाधरी-ताजेवाला हाईवे शामिल हैं। इन मार्गों का निर्माण पूरा होने से हरियाणा के अलग-अलग जिलों के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। कुल मिलाकर, 14,833 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं के पूरा होने से हरियाणा के सड़क नेटवर्क को नई मजबूती मिलेगी।