{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा में सफर हुआ महंगा! आज से टोल टैक्स में बढ़ोतरी, जानिए अब कितना देना होगा?

 

वॉयस ऑफ पानीपत (हिमांशी चावला ) - नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने वाहन चालकों को एक बड़ा झटका दिया है। जिसमें कार, जीप, बस, ट्रक और दूसरे व्यावसायिक वाहनों के टोल टैक्स में 5 से 30 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसका असर करनाल के बस्ताड़ा टोल प्लाजा पर भी देखने को मिला है। नए रेट लागू होने के बाद अब वाहन चालकों को पहले से ज्यादा टोल देना होगा।
बस्ताड़ा टोल प्लाजा के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप मलिक ने बताया कि (NHAI) की ओर से देशभर में टोल के नए रेट लागू किए गए हैं। इसी के तहत बस्ताड़ा टोल प्लाजा पर भी टोल रेट बढ़ा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब कार चालकों को सिंगल जर्नी के लिए 200 रुपये और डबल जर्नी के लिए 295 रुपये टोल देना होगा।


प्रदीप मलिक ने बताया कि अलग-अलग तरह के वाहनों के लिए टोल के नए रेट तय किए गए हैं। अब एलसीवी (LIGHT COMMMERCIAL VECHILE) और एलजीवी (LIGHT GOOD VECHILE) चालकों को सिंगल जर्नी के लिए 320 रुपये और डबल जर्नी के लिए 480 रुपये टोल देना होगा। वहीं, बस और ट्रक चालकों से सिंगल जर्नी के लिए 670 रुपये और डबल जर्नी के लिए 1005 रुपये वसूले जाएंगे। इसके अलावा, तीन एक्सल वाले वाहनों के लिए सिंगल जर्नी का टोल 730 रुपये और डबल जर्नी का टोल 1095 रुपये तय किया गया है।


वहीं, कुरुक्षेत्र के पिहोवा स्थित हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-152 के टोल प्लाजा पर करीब तीन महीने में दूसरी बार टोल दरों में बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले 27 मार्च को भी टोल रेट बढ़ाए गए थे। इस बार कार, जीप, वैन और एलएमवी (LMV) की सिंगल और डबल जर्नी के टोल में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। हालांकि, लाइट वेट व्हीकल से लेकर ओवरसाइज यानी 7 एक्सल से ज्यादा वाले वाहनों के टोल में 5 रुपये से 25 रुपये तक का इजाफा किया गया है। यानी अब इन वाहनों के चालकों को पहले के मुकाबले ज्यादा टोल देना होगा।

वहीं, हिसार के रामायण टोल प्लाजा पर भी नए टोल रेट लागू कर दिए गए हैं। अब निजी वाहनों के साथ-साथ व्यावसायिक वाहनों के चालकों की जेब पर भी असर पड़ेगा, क्योंकि उन्हें पहले की तुलना में ज्यादा टोल चुकाना होगा। एचसीएम यानी 4 से 6 एक्सल वाले वाहनों के लिए 1050 रुपये सिंगल और 1575 रुपये डबल जर्नी के लिए निर्धारित किए गए है । वहीं 7 या उससे भारी एक्सल वाहनों को सिंगल जर्नी के लिए 1275 और डबल जर्नी के लिए 1915 रुपये देने होगे डबल जर्नी का लाभ 24 घंटे के भीतर वापसी करने पर भी मिलेगा ।
TEAM VOICE OF PANIPAT