{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा रोडवेज कर्मियों की हड़ताल के दिनों को ड्यूटी मानने की मांग पर अधिकारियों से मांगी फाइल

 

Haryana roadways : हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के दिनों को ड्यूटी पीरियड मानने की मांग पर परिवहन विभाग ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में हरियाणा सरकार के परिवहन विभाग के कमिश्नर एवं सचिव की ओर से 4 नवंबर 2026 को राज्य परिवहन के महानिदेशक को पत्र जारी किया गया है।

इस पत्र के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को हुई बैठक में रोडवेज यूनियनों के प्रतिनिधियों ने हिसार डिपो के कर्मचारियों की अलग-अलग हड़तालों की अवधि को ड्यूटी पीरियड मानने की मांग उठाई थी। इसमें 28 मार्च 2022 से 29 मार्च 2022, 24 जनवरी 2024, 16 फरवरी 2024, 9 जुलाई 2024, 12 फरवरी 2026 और 29 अक्टूबर 2026 से 4 नवंबर 2026 तक की हड़ताल अवधि शामिल है।

यूनियन प्रतिनिधियों की इस मांग पर परिवहन विभाग के कमिश्नर एवं सचिव ने महानिदेशक, राज्य परिवहन हरियाणा को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित फाइल सभी तथ्यों और लागू नियमों एवं निर्देशों के साथ जल्द से जल्द उनके समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है।

विभाग के इस पत्र के बाद अब हिसार डिपो के रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल अवधि को ड्यूटी पीरियड मानने की मांग पर आगे की कार्रवाई होगी। हालांकि, पत्र में हड़ताल के दिनों को ड्यूटी पीरियड घोषित करने का अंतिम फैसला नहीं लिया गया है, बल्कि मामले की जांच कर संबंधित रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।