Haryana : फैमिली आईडी में AI की एंट्री, योजना के सही पात्र पहचानेगा, गलत डेटा पर कार्रवाई
Haryana PPP Update : हरियाण परिवार पहचान पत्र में अब आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) की एंट्री होने जा रही है। एआई खुद ही बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन, लाडो योजना समेत दूसरी सरकारी योजनाओं के पात्रों की पहचान करेगा और योजना के लिए ऑटोमेटिक अप्लाई होगा वहीं गलत जानकारी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।
हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) प्रणाली को पूरी तरह ऑटोमैटिक और तकनीक-सम्मत बनाने के लिए विभाग बड़े स्तर पर तैयारी कर रहा है। परिवार पहचान प्राधिकरण (HPA) के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि विभाग फिलहाल सभी नागरिकों की फैमिली आईडी में बैंक अकाउंट, शैक्षणिक योग्यता (एजुकेशन स्टेटस), व्यवसाय (ऑक्यूपेशन) और जन्मतिथि (डीओबी) व अन्य संबंधित डाटा सटीक दर्ज कर एकत्रित करने पर काम कर रहा है।
डॉ. सतीश ने बताया कि लोगों के नंबर पर मैसेज भी भेजे जा रहे हैं कि वे अपना डाटा अपडेट करें। जैसे ही प्रदेश के सभी लोगों का यह संपूर्ण और सही डाटा विभाग के पास पहुंच जाएगा, उसके बाद विभाग फैमिली आईडी प्रणाली में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) का इस्तेमाल शुरू करेगा।
एआई सिस्टम इस संपूर्ण डाटा का विश्लेषण कर स्वतः यह पहचानेगा कि कौन सरकारी योजनाओं का पात्र है और कौन अपात्र। इसके बाद पात्र बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन, डिफॉल्ट के अनुसार विभाग द्वारा स्वतः अप्लाई करने, योग्य युवाओं को बेरोजगारी भत्ता दिलवाने और लोगों को उनके पात्रता अनुसार अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना आवेदन के सीधे पात्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
जिसके मैसेज अगर फैमिली आईडी में संबंधित व्यक्ति का नंबर अपडेट होगा उस पर मिला करेगा। डॉ. खोला ने स्पष्ट किया कि एआई की सटीकता बनाए रखने के लिए फैमिली आईडी के इस डाटा को लगातार फिजिकल वेरिफिकेशन के माध्यम से भी अपडेट किया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की मानवीय या तकनीकी गलती की संभावना बेहद कम रहेगी।
इसके बावजूद यदि किसी नागरिक की जानकारी गलत दर्ज हो जाती है या गलत तरीके से डाटा डाला जाता है, तो शिकायत मिलने पर जिम्मेदार के खिलाफ निश्चित तौर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पारदर्शिता के लिए 12 बिंदुओं पर नई मैसेजिंग व्यवस्था
फैमिली आईडी के डाटा को दुरुस्त करने और नागरिकों को हर गतिविधि से अवगत कराने के लिए विभाग ने नई एसएमएस व्यवस्था शुरू कर दी है। इसके तहत अब हरियाणा के नागरिकों को कुल 12 बिंदुओं पर सीधे मोबाइल पर संदेश भेजे जा रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से पांच प्रक्रियाएं शामिल हैं।
- 1. जन्मतिथि (डीओबी) सत्यापन एवं संशोधन।
- 2. राज्य के भीतर माइग्रेशन (इंट्रा-स्टेट)।
- 3. राज्य से बाहर माइग्रेशन (इंटर-स्टेट)।
- 4. मृतक व्यक्ति को पुनर्जीवित (मार्क एज लाइव) दर्ज करने की प्रक्रिया।
- 5. नाम में बदलाव (नेम चेंज)।
इन सभी प्रक्रियाओं के अनुरोध प्राप्त होने, स्वीकृत होने या अस्वीकृत होने पर तुरंत एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जा रही है। इससे नागरिकों को अपने आवेदन की स्थिति जानने के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और प्रशासनिक जवाबदेही भी मजबूत हुई है।
परिवार पहचान प्राधिकरण, हरियाणा के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य सरकारी सेवाओं को आमजन तक सरलता और पारदर्शिता से पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी फैमिली आईडी में अपना सही मोबाइल नंबर और अन्य विवरण अपडेट रखें, ताकि भविष्य की एआई आधारित योजनाओं का समयबद्ध लाभ मिल सके।