फूड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर सस्पेंड, देखें पूरा मामला
Food Supply Inspector suspended : हरियाणा में भीगी हुई गेहूं की सप्लाई मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने फूड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर को सस्पेंड किया गया है।
यह कार्रवाई साल 2021 में राशन डिपो पर भीगे गेहूं की सप्लाई से जुड़े मामले में की गई है। रेवाड़ी कार्यालय में तैनात इंस्पेक्टर भरत शर्मा और सब-इंस्पेक्टर नितिन रोहिल्ला पर कार्रवाई की गाज गिरी है।विभाग के महानिदेशक अंशज सिंह (आईएएस) द्वारा जारी और उप निदेशक (स्थापना - तृतीय) के आदेशों के तहत विभागीय कार्रवाई लंबित रहने तक दोनों अधिकारियों का मुख्यालय जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) कार्यालय सिरसा निर्धारित किया गया है।
सुरेंद्र सैनी ने बताया कि वर्ष 2021 में डिपो पर भीगे गेहूं की सप्लाई करने के मामले में दोनों अधिकारियों पर आरोप थे, जिसके बाद विभाग की ओर से यह कार्रवाई की गई है। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों को हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियम 2016 के नियम 83 के तहत निर्वाह भत्ता मिलेगा, लेकिन यह भत्ता तब तक नहीं दिया जाएगा जब तक वे इस आशय का प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर देते कि उन्होंने निलंबन काल में कोई अन्य सेवा या निजी व्यवसाय नहीं किया है।
इसके अलावा दोनों अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे सिरसा के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक की पूर्व अनुमति के बिना अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। इन आदेशों की प्रतिलिपि रेवाड़ी व सिरसा के डीएफएससी, मुख्यालय की स्थापना -1 शाखा और पीडीएस शाखा के उप अधीक्षकों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।