कोहरे के चलते इस एक्सप्रेस वे पर बदलेगा स्पीड का नियम, अब 120 नहीं 80 KM/H से चलेंगी कारें
Ganga Expressway Speed limit : सर्दी का मौसम शुरू होते ही कोहरे और सड़क हादसों को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के गंगा एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार कम करने का फैसला लिया गया है। अब इस एक्सप्रेसवे पर कार और अन्य छोटे चार पहिया वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे के बजाय अधिकतम 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे।
वहीं भारी वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा तय करने की तैयारी है। नई व्यवस्था एक सप्ताह के भीतर लागू होने की संभावना है। यूपीडा मुख्यालय की ओर से इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों का मानना है कि सर्दियों में सुबह और रात के समय कोहरा छाने से सड़क पर दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में तेज रफ्तार से चलने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा काफी बढ़ जाता है। गति सीमा कम होने से हादसों पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
183 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती मिलीं कारें
गंगा एक्सप्रेसवे पर पिछले करीब सात महीने से वाहनों की आवाजाही जारी है। इस दौरान कई सड़क हादसे सामने आए हैं। यातायात पुलिस ने जब वाहनों की गति की जांच की तो हैरान करने वाली स्थिति सामने आई। इंटरसेप्टर वाहन में लगे उपकरणों से पता चला कि कुछ कारें 183 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल रही थीं। इतनी तेज गति में वाहन चलाना हादसों का बड़ा कारण बन सकता है।
करीब 594 किलोमीटर लंबे मेरठ से प्रयागराज तक बने इस एक्सप्रेसवे पर वाहनों की तेज रफ्तार को देखते हुए गति सीमा में बदलाव की जरूरत महसूस की गई। दीपावली से पहले लखनऊ में यूपीडा और यातायात पुलिस के अधिकारियों की बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी। बैठक में सर्दियों के दौरान कोहरे के कारण दुर्घटनाएं बढ़ने की आशंका जताई गई थी।
सप्ताह में चार दिन होगी वाहनों की जांच
नई व्यवस्था लागू होने के बाद यातायात पुलिस एक्सप्रेसवे पर नियमित रूप से निगरानी करेगी। इसके लिए सप्ताह में चार दिन विशेष टीमें तैनात की जाएंगी। ये टीमें स्पीड लेजर गन और इंटरसेप्टर वाहनों की मदद से गुजरने वाले वाहनों की गति जांचेंगी।
प्रत्येक टीम करीब तीन घंटे तक एक्सप्रेसवे पर रहकर निगरानी करेगी। निर्धारित सीमा से अधिक गति में वाहन चलाने वालों के ऑनलाइन चालान किए जाएंगे। इसके लिए ड्यूटी का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है। यातायात निदेशालय की ओर से भी इस संबंध में निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
सीसीटीवी कैमरों से फिलहाल नहीं कटेंगे चालान
एक्सप्रेसवे पर निगरानी के लिए सीसीटीवी और सेंसर वाले कैमरे लगाए गए हैं, लेकिन फिलहाल इनके माध्यम से ओवरस्पीडिंग के चालान करने की व्यवस्था शुरू नहीं की जा रही है। गंगा एक्सप्रेसवे पर शुरुआत के करीब सात महीनों में 40 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन हादसों में 20 लोगों की जान गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।