{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा में BDPO सस्पेंड, 5 साल से 12 जल कर्मियों का वेतन रोके बैठा था 

 

BDPO Suspended : हरियाणा में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी  (BDPO) को पंचायतव विभाग द्वारा सस्पेंड किया गया है। आरोप है कि 5 साल से 12 जल कर्मियों के वेतन पर कुंडली मारे बैठा था। और भी कई अनियमितताओं के चलते बीडीपीओ राजेश टिवाना पर कार्रवाई की गई है। 

बीडीपीओ राजेश इस समय गन्नौर में तैनात थे। सरकार की ओर से जारी निलंबन आदेश पर अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार के हस्ताक्षर हैं। आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान राजेश टिवाना का मुख्यालय उपायुक्त कार्यालय सोनीपत निर्धारित किया गया है। उन्हें विभाग के महानिदेशक की अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की छूट नहीं होगी। 

इस पूरे मामले की शुरुआत जलकर्मियों की शिकायतों से हुई थी। गांव पट्टी ब्राह्मणान निवासी अशोक शर्मा ने मुख्यमंत्री विंडो पर शिकायत देकर आरोप लगाया था कि राई और गन्नौर क्षेत्र के 12 जलकर्मियों को करीब पांच साल तक वेतन नहीं मिला। शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया था कि इन कर्मचारियों के नाम REMS पोर्टल पर दर्ज नहीं थे।

शिकायतों की जांच के लिए 11 अगस्त 2026 को उपनिदेशक (पंचायत) उत्तम ढालिया की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी। कमेटी ने 14 अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रिपोर्ट तैयार की थी।

चार कर्मचारियों की चार्जशीट का मामला भी अटका

विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार, कुछ कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया भी निर्धारित समय में पूरी नहीं हो पाई। सेवानिवृत्त लेखाकार सुरेंद्र के खिलाफ चार्जशीट तैयार करने में करीब चार महीने की देरी हुई। वहीं लेखा लिपिक सुनील, सहायक जयपान और लेखा लिपिक जितेश कुमार के खिलाफ चार्जशीट का मसौदा निदेशालय को नहीं भेजा गया था।

इस संबंध में विभाग ने 23 जुलाई, 30 जुलाई, 16 सितंबर और 8 अक्टूबर को पत्र जारी किए थे। इसके बाद 18 नवंबर को दोबारा स्मरण-पत्र भेजकर दो दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे।

रिटायरमेंट के बाद भी 22 महीने तक वेतन देने का आरोप
शिकायत में गन्नौर क्षेत्र के जलकर्मी रोहतास का मामला भी उठाया गया था। आरोप था कि सेवानिवृत्त होने के बावजूद उन्हें 22 महीने तक वेतन जारी होता रहा। वहीं, 12 जलकर्मियों के वेतन का मामला भी जांच के दायरे में था। एक जलकर्मी के औसत मासिक वेतन 10,447 रुपये के आधार पर करीब साढ़े पांच लाख रुपये की राशि का उल्लेख किया गया था।

विभागीय मामलों में मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद कारण बताओ नोटिस का जवाब नहीं दिए जाने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, सरकार के निलंबन आदेश में राजेश टिवाना के खिलाफ कार्रवाई के विस्तृत कारणों का स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है।