{"vars":{"id": "141324:5161"}}

2 अध्यापिकाओं के बाद प्रिंसीपल भी सस्पेंड, चौकीदार भी लपेटे में, पंचकूला स्कूल बच्ची मारपीट मामला 

 

Panchkula School case : पंचकूला के एक सरकारी स्कूल में छह साल की बच्ची से मारपीट के मामले में दो अध्यापिकाओं पर सस्पेंशन की कार्रवाई के बाद अब शिक्षा विभाग ने प्रिंसीपल नीलू को भी सस्पेंड कर दिया है। चौकीदार को भी लपेटे में लेते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। 

शनिवार देर रात को विभाग ने लैटर जारी कर जेटीटी अध्यापिका सिमरनजीत कौर और पूजा रानी को सस्पेंड किया था। मामले की जांच चल ही रही है और प्रथम दृष्टि में क्लास इंचार्ज अध्यापिकाओं के अलावा प्रिंसीपल और चौकीदार को भी इसमें कसूरवार माना है और उन पर विभागीय कार्रवाई की गई है। 

घटना 29 अक्तूबर की बताई जा रही है लेकिन शुरूआत में मामले को दबाने की कोशिश की गई। इसके बाद घटना की सीसीटीवी वीडियो सामने आई तो हर कोई दहल उठा और बच्ची के साथ जिस क्रूरता से मारपीट की गई, देखा भी नहीं जा सका। 31 अक्तूबर को घटना के विरोध में स्कूल के गेट पर अभिभावक जमा हुए और तनाव का माहौल रहा। 

स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों ने नाम नहीं छपने की शर्त पर ये भी बताया कि घटना वाले दिन कुछ महिला अध्यापिकाएं मेहंदी लगवा रही थी तो प्रिंसीपल भी स्कूल में मौजूद नहीं थी। चौकीदार भी अपनी ड्यूटी पर मौजूद नहीं था। 

बच्ची अस्पताल में भर्ती, नाक की हड्डी में फ्रैक्चर

परिजनों के मुताबिक, बच्ची के सिर पर ईंट से कई बार हमला किया गया। घटना का पता उस समय चला, जब ऑटो चालक उसे घर ले जाने के लिए स्कूल पहुंचा, लेकिन बच्ची वहां नहीं मिली। इसके बाद उसने परिजनों को सूचना दी। बच्ची के पिता और चाचा स्कूल पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी छात्र पार्क में खेलता मिला। परिजनों के पूछने पर उसने कथित तौर पर बताया कि बच्ची ऊपर कमरे में पड़ी है और उसके साथ मारपीट हुई है। घायल बच्ची को उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, उसके चेहरे और सिर पर चोटें आई हैं तथा नाक की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। मामले में पुलिस जांच जारी है।