{"vars":{"id": "141324:5161"}}

हरियाणा में राशन डिपो का लाइसेंस बनवाने के लिए 1 लाख की रिश्वत लेते AFSO रंगे हाथो काबू 

 

Haryana ACB Raid AFSO Caught :  हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने राशन डिपो का लाइसेंस बनवाने की एवज में 1 लाख रुपए रिश्वत लेते खाद्य एवं पूर्ति विभाग के AFSO मुकेश कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। डेढ़ लाख रुपए में डील हुई थी और 20 हजार रुपए आरोपी पहले ले चुका था। अब एक लाख रुपए लेने के लिए आया तो विजिलेंस की टीम के हत्थे चढ़ गया। 

एसीबी से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि सुमन पत्नी कृष्ण के नाम राशन डिपो का लाइसेंस जारी करवाने की एवज में भिवानी में तैनात एएफएसओ मुकेश कुमार ने 1.50 लाख रुपये की मांग की थी। सुमन ने लाइसेंस से संबंधित कार्य के लिए शिकायतकर्ता को अधिकृत किया हुआ था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी इस काम के बदले पहले ही 20 हजार रुपये प्राप्त कर चुका था। इसके बाद एक लाख रुपये और देने की बात तय हुई, जबकि बाकी 30 हजार रुपये लाइसेंस का काम पूरा होने पर देने थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी यूनिट भिवानी ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया। निर्धारित योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज

एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए पूरी की। आरोपी के खिलाफ थाना एसवी एवं एसीबी हिसार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को 5 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिश्वत मांगने पर 1064 पर करें शिकायत

एसीबी प्रमुख एएस चावला ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो से करें। इसके लिए 'सतर्क हरियाणा' मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।

ऐप पर शिकायत के साथ फोटो, वीडियो, ऑडियो और पीडीएफ दस्तावेज भी अपलोड करने की सुविधा है। इसके अलावा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 और 1800-180-2022 तथा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दी जा सकती है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।