{"vars":{"id": "141324:5161"}}

ACB Raid : पहले 2500 रुपए दो, बाकी काम के बाद…रिश्वत लेते SI रंगे हाथ काबू

 

ACB Raid : हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए दूसरे दिन फिर से रिश्वत लेते हुए कर्मचारी को पकड़ा है। एक दिन पहले ही चरखी दादरी, भिवानी, सोनीपत में रिश्वतखोर कर्मियों को पकड़ा गया था।

आज रेवाड़ी में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सहकारी समिति के सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी शिकायतकर्ता से सोसायटी की प्रोसीडिंग बुक का सत्यापन करने के बदले पैसे मांग रहा था। एसीबी की टीम ने शिकायत के आधार पर जाल बिछाया और आरोपी को 2,500 रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सब-इंस्पेक्टर विक्रांत के रूप में हुई है, जो रेवाड़ी जिले में सहकारी समिति विभाग में तैनात था। आरोप है कि उसने पाली स्थित देबू कोऑपरेटिव लेबर एंड कंस्ट्रक्शन सोसायटी लिमिटेड की प्रोसीडिंग बुक को सत्यापित करने के लिए शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।

काम के बदले तय की थी रिश्वत की रकम
शिकायतकर्ता ने एसीबी को बताया कि आरोपी सत्यापन का काम करने के बदले उससे पैसे मांग रहा था। आरोपी ने 2,500 रुपये पहले देने और बाकी रकम काम पूरा होने के बाद लेने की बात कही थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एसीबी रेवाड़ी यूनिट से संपर्क कर इसकी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले की पुष्टि की और रिश्वत पकड़ने के लिए पूरी योजना तैयार की। इसके बाद टीम ने निर्धारित कार्रवाई के दौरान सब-इंस्पेक्टर विक्रांत को शिकायतकर्ता से 2,500 रुपये लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।