हरियाणा में नशे के खिलाफ एकजुट हुए 5 गांव, अवैध शराब ठेके बंद करवा लिया ये ऐतिहासिक फैसला
हरियाणा में पांच गांव नशे के खिलाफ एकजुट हो गए हैं और गांव में शराब ठेके बंद कराने का ऐतिहासिक फैसला ग्राम पंचायतों द़्वारा किया गया है। पंचायतों के इस फैसले की हर तरफ सराहना हो रही है।
भिवानी जिले के कुंगड़, कुंगड़ छोटा पान्ना, भैणी ठाकरान, भैणी जाटान, खेड़ी दौलतपुर ग्राम पंचायत ने कमेटी का गठन कर के सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि गांव में शराब ठेका नहीं खोलने देंगे।
दरअसल 26 अक्टूबर को शराब ठेकेदार के कारिंदों द्वारा विकास नामक युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोप लगे थे। इससे नाराज ग्रामीणों ने 29 अक्टूबर को क्षेत्र के शराब ठेकों पर ताले जड़ दिए थे। इसके बाद मामला काफी ज्यादा बढ़ गया था।
एससी-एसटी एक्ट से बढ़ा था विवाद
ठेकों पर तालाबंदी के बाद विवाद ने नया मोड़ तब ले लिया, जब ठेकेदार पक्ष के एक कारिंदे की ओर से पंचायत प्रतिनिधियों सहित गांव के छह लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (एससी एक्ट) के तहत शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद 6 नवंबर को महलाना पंचायत के साथ पांचों पंचायतों की महापंचायत हुई।
इसमें शराब ठेकेदार ने अपनी गलतियां स्वीकार करते हुए एससी एक्ट के तहत दर्ज शिकायत को झूठा बताते हुए वापस की बात कही थी। इसके बाद पंचायत ने सभी पहलुओं पर विचार करने के लिए कमेटी गठि की, जिसने सोमवार को अंतिम निर्णय सुनाया।
कुंगड़ गांवों के सरपंच नवीन और सरपंच रोहित ने कहा कि उनके गांव में नशे की रोकथाम के लिए चलाए जाने वाले हर प्रयास में युवाओं की भागीदारी सबसे अहम होगी। दोनों सरपंचों ने कहा कि गांव के बिना मंजूरी चल रहे दोनों ठेकों को हटाने के लिए शराब ठेकेदार को निर्देश दे दिए गए हैं।
यदि गांव का हर व्यक्ति नशे के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होगा तो कुंगड़ को पूर्ण रूप से नशामुक्त बनाया जा सकता है। कुंगड़ छोटा पाना में बिना मंजूरी चल रहे दो शराब ठेकों को स्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया। साथ ही ठेकेदार मंजीत को पीड़ित विकास की दादी के पैर पकड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने का हुकम दिया है।
वहीं वैध ठेकों को उनकी लाइसेंस अवधि पूरी होने तक कानून के दायरे में चलाने की अनुमति दी गई है। कमेटी ने साफ किया कि गांव में अवैध शराब की बिक्री किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी और इसके लिए प्रशासन की मदद ली जाएगी।
सभी पांचों पंचायतों और ग्रामीणों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए नशे के खिलाफ अपनी मुहिम जारी रखने का संकल्प लिया है। उधर, महलाना पंचायत के प्रतिनिधियों ने भी कुंगड़ सहित पांचों पंचायतों के सामूहिक फैसले का सम्मान करते हुए सभी निर्धारित शर्तों का पालन करने का भरोसा दिया है।