1123 करोड़ से यहां बनेंगे 11 नए फ्लाईओवर-अंडरपास, हरियाणा-दिल्ली वासियों को फायदा
New Flyover Underpass : हरियाणा व दिल्ली के वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है कि उन्हें फरीदाबाद, पलवल होते हुए आगरा तक आने-जाने में जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को सुचारू बनाने के लिए 1123.56 करोड़ रुपये की बड़ी परियोजना को मंजूरी दी गई है।
इसके तहत हाईवे पर कई जगह फ्लाईओवर, रोड ओवर ब्रिज (ROB) और अंडरपास बनाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को बार-बार जाम और लंबी प्रतीक्षा से न जूझना पड़े। इस परियोजना में कुल 11 निर्माण कार्य शामिल हैं। इनमें 3 रोड ओवर ब्रिज, 4 फ्लाईओवर और 4 व्हीकल अंडरपास बनाए जाने प्रस्तावित हैं।
इनमें से कुछ निर्माण हरियाणा के फरीदाबाद और पलवल क्षेत्र में होंगे, जबकि बाकी कार्य उत्तर प्रदेश के मथुरा और आगरा की तरफ प्रस्तावित हैं। दिल्ली-आगरा हाईवे हरियाणा के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल है। इस रास्ते से रोजाना नौकरीपेशा लोगों के अलावा कारोबारी, पर्यटक और मालवाहक वाहन बड़ी संख्या में गुजरते हैं। फरीदाबाद और पलवल में बढ़ती आबादी तथा औद्योगिक गतिविधियों के कारण कई स्थानों पर ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ गया है।
पलवल में बनेंगे दो फ्लाईओवर
पलवल जिले में दो फ्लाईओवर प्रस्तावित हैं। इनके बनने से हाईवे पर वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित हो सकेगी। दिल्ली, फरीदाबाद और आगरा की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को इसका फायदा मिलेगा।
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र में रोड ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। रेलवे लाइन पर ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने से अक्सर वाहनों की कतारें लग जाती हैं। आरओबी बनने के बाद सड़क यातायात रेलवे लाइन के ऊपर से गुजर सकेगा, जिससे फाटक पर रुकने की समस्या कम होगी और यात्रियों को राहत मिलेगी।
रोजाना 68 हजार वाहनों के बराबर ट्रैफिक
दिल्ली-आगरा हाईवे पर प्रतिदिन करीब 68 हजार पीसीयू (पैसेंजर कार यूनिट) के बराबर यातायात रहता है। इस आंकड़े में छोटे वाहनों से लेकर बस, ट्रक और अन्य भारी वाहन शामिल हैं। इतने अधिक ट्रैफिक के कारण हाईवे पर बेहतर ढांचागत सुविधाओं की जरूरत महसूस की जा रही है।
1,123 करोड़ रुपये से अधिक की इस परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली से फरीदाबाद, पलवल, मथुरा और आगरा की तरफ जाने वाले यात्रियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद है।