हरियाणा के गुरुग्राम में बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां पटौदी में खंडेवला मोड़ के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। जबकि उसका बेटा और गर्भवती बहू गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
महिला की मौत, बहू और बेटा घायल
जानकारी के अनुसार हादसा पटौदी के खंडेवला मोड़ के पास हुआ। मृतका की पहचान 50 वर्षीय रेखा के रूप में हुई है। इस हादसे में मृतका का बेटा जगप्रवेश और बहू पम्मी भी घायल हुई है। जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
बहू की डिलवरी डेट थी आज
बताया जा रहा है कि पम्मी गर्भवती है और आज उसकी डिलीवरी की तारीख तय थी। दोपहर के समय पम्मी को लेबर पेन शुरू हुआ। जिसके बाद जगप्रवेश पम्मी और अपनी मां रेखा को बाइक पर बैठाकर अस्पताल ले गया।
ट्रक ने बाइक पर मारी टक्कर
जैसे ही वह तीनों पटौदी के खंडेवला मोड़ के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक पर टक्कर मार दी। इस हादसे में रेखा ट्रक के भारी टायरों की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जगप्रवेश और पम्मी भी सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी ट्रक ड्राइवर हादसे के बाद फरार हो गया।
पुलिस ने जांच शुरू की, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
वहां मौजूद लोगों ने इस हादसे की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। वहीं घायलों को राहगीरों की मदद से पटौदी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, गर्भवती महिला और उसके पति का इलाज किया जा रहा है।
वहीं पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

