NH 152-डी पर सामने आया नंदी, बचाने के चक्कर में खेतों में उतरी हरियाणा रोडवेज की बस
NH 152 D Accident : हरियाणा रोडवेज की एक बस शनिवार देर शाम नेशनल हाईवे 152-D पर हादसे का शिकार हो गई। बस के सामने अचानक एक नंदी आ गया। उससे बचाने के प्रयास में बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस डिवाइडर पार करते हुए हाईवे की दूसरी तरफ पहुंच गई। ऐसे में चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क से नीचे खेतों में उतार दिया। इससे बस पलटने से बच गई और बड़ा हादसा टल गया। हादसे में करीब 12 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
घटना इस्माइलाबाद के पास की है, जब हिसार डिपो की यह बस चंडीगढ़ से हिसार जा रही थी। शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे जब बस इस्माईलाबाद के नजदीक पहुंची तो अचानक एक नंदी सामने आ गया। चालक विकास ने उसे बचाने के लिए बस को मोड़ा, लेकिन बस अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ पहुंच गई।
इस दौरान बस की दिशा भी बदल गई। स्थिति को देखते हुए चालक ने बस को खेतों की तरफ मोड़ दिया। बस खेत में उतर गई, लेकिन पलटी नहीं। अचानक हुए इस हादसे से बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को हल्की चोटें आईं।
सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कुछ यात्रियों ने मामूली चोट लगने के बाद दूसरे वाहनों से अपना सफर जारी रखा। राहत की बात यह रही कि बस पलटी नहीं और आसपास कोई दूसरा वाहन भी इसकी चपेट में नहीं आया।
मंत्री के बेटे ने रुकवाई गाड़ी, यात्रियों की मदद की
हादसे के समय कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के बेटे कर्ण प्रताप भी वहां से गुजर रहे थे। वह नरवाना जा रहे थे। हादसा देखते ही उन्होंने अपनी गाड़ी रुकवाई और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद एंबुलेंस को फोन कर मौके पर बुलाया गया, ताकि घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
चालक को यात्रियों की सुरक्षा की चिंता
कर्ण प्रताप ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक विकास उनके पास लेटे हुए थे तो चालक खुद की चिंता करने के बजाय बार-बार बस में सवार यात्रियों के सुरक्षित होने के बारे में पूछ रहे थे। जब उन्हें बताया गया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं तो उन्होंने राहत की सांस ली। चालक की सूझबूझ और समय पर लिए गए फैसले के कारण बस पलटने से बच गई। वरना हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
