logo

हरियाणा से रामदेवरा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, सिरसा से शुरू हुई स्पेशल बस सेवा

 

हरियाणा के सिरसा से राजस्थान में प्रसिद्ध रामदेवरा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है। हरियाणा रोडवेज ने रामदेवरा (रुणिचा धाम) के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू कर दी है।

यह स्पेशल बस 11 सितंबर से श्रद्धालुओं के लिए शुरू हो चुकी है और ये पूरे एक महीने चलेगी। बस शाम को 4.30 बजे सिरसा से 'रुणिचा धाम' के लिए चलेगी और सुबह 3 बजे तक धाम पहुंच जाएगी।

यह बस सिरसा से वाया चौपटा, नोहर, रावतसर, पल्लू, अर्जुनसर, रोयरी, फलौदी, रामदेवरा, बीकानेर और पोकरण होते हुए जाएगी। रोडवेज के अनुसार, श्रद्धालुओं की मांग पर रामदेवरा धाम के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू की है। यह बस मेले के चलते एक माह के लिए चलाई गई है। कोई भी यात्री या श्रद्धालु बस में सफर कर सकते है। एडवांस बुकिंग की सुविधा अभी शुरू नहीं की  गई है।  

ये रहेगी टाइमिंग

ये स्पेशल बस सिरसा से शाम 4:30 बजे चलेगी

चौपटा से शाम 5:30 बजे

नोहर से शाम 6:30 बजे

बीकानेर से रात 11:00 बजे

रामदेवरा धाम सुबह 3 बजे तक पहुंचेगी

वापसी समय

रामदेवरा धाम से शाम 4:30 बजे

बीकानेर से रात 8:30 बजे

सिरसा पहुंचेगी सुबह 3 बजे तक

बता दें कि 'रुणिचा धाम' राजस्थान के जैसलमेर जिले में पोकरण से करीब 12 किलोमीटर दूरी पर जोधपुर-जैसलमेर मार्ग पर स्थित है। इसे बाबा रामदेवरा धाम के नाम से भी जाना जाता है। यहां हर साल भाद्रपद माह (अगस्त-सितंबर) में विशाल मेला लगता है। देश भर से लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते है। इसी वजह से अब सिरसा से भी इस धाम के लिए स्पेशल बस सेवा शुरू कर दी गई है।