हरियाणा के रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रक्षाबंधन त्यौहार के चलते रेलवे ने दिल्ली-रींगस के बीच 2 दिनों तक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। इससे दिल्ली समेत नारनौल-रेवाड़ी के यात्रियों को फायदा मिलेगा।
रेलवे ने दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस-दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल रेलसेवा दो-दो ट्रिप के लिए संचालित की जाएगी ।
रक्षाबंधन पर चलेंगी ये स्पेशल ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04415 दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस अनारक्षित स्पेशल 27 एवं 28 अगस्त 2026 को (दो ट्रिप) संचालित होगी। ट्रेन दिल्ली सराय रोहिल्ला स्टेशन से आज शाम 7:10 बजे रवाना होकर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04416 रींगस-दिल्ली सराय रोहिल्ला अनारक्षित स्पेशल 28 एवं 29 अगस्त 2026 को (दो ट्रिप) चलाई जाएगी।
यह ट्रेन रींगस से 28 अगस्त रात 2:00 बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर ठहरेगी ट्रेन
ये स्पेशल ट्रेन मार्ग में दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पाटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीमकाथाना स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस अनारक्षित स्पेशल ट्रेन में कुल 13 डिब्बे लगाए जाएंगे।
इनमें 11 साधारण श्रेणी के कोच तथा 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वह यात्रा से पहले ट्रेन के समय और परिचालन संबंधी जानकारी की पुष्टि कर लें।

